जनपद मैनपुरी मुरादनगर की शान जिला प्रभारी सुबोध कुमार
मैनपुरी/ बेवर- उत्तर प्रदेश के जनपद मैनपुरी में बीती रात्रि थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया में 32 वर्षीय सब्जी विक्रेता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक पत्नी की चले जाने से गुमसुम रहता था। मृतक शराब पीने का आदी था। घटना से मृतक की मां का रो - रो कर बुरा हाल है। पुत्र की आत्महत्या के बाद दिव्यांग वृद्ध मां के पास अब कोई सहारा नहीं बचा है। उनके आगे जीवन यापन के लिए गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बुधवार सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले के अनुसार राहुल सक्सेना पुत्र ओम प्रकाश सक्सेना निवासी खजुरिया साइकिल से फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करता था। बिहार से शादी हुई थी। 4 माह पूर्व पत्नी कहीं चली गई। जिसकी बेवर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पत्नी की चले जाने के बाद से ही राहुल गुमसुम रहने लगा था। मंगलवार रात्रि उसने खाना बनाकर रोज की तरह अपनी मां के साथ खाना खाया और अंदर कमरे में सोने चला गया। रात्रि लगभग 10:00 बजे मां को कमरे से कुछ आवाज आई। उन्होंने जाकर देखा तो मृतक का शव फांसी के फंदे से लटका था। पुत्र को फांसी के फंदे पर लटका देखकर दिव्यांग मां की चीख निकल गई। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बुधवार सुबह पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की दो बहने थी जिनकी शादी हो चुकी है। पिता की 15 वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है। मृतक राहुल शराब पीने का आदी था जिसने शराब के नशे की लत के चलते अपनी जमीन बेच दी थी।

